बिजनौर के एक होटल में शराबी दरोगा को पीटती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में नशे में धुत एक दरोगा ने होटल में एक महिला को थप्पड़ जड़ दिया। महिला ने दरोगा की चप्पलों से खूब पिटाई की व दरोगा को खरीखोटी सुनाई। एसपी ने शिकायत मिलने पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया। आरोप है कि वह नशे में अक्सर होटल में उत्पात मचाता रहता है।
बाराबंकी जिले की एक महिला का पति बिजनौर जेल में बंद है। महिला पति की पैरोकारी के लिए बिजनौर आती रहती है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे महिला सिविल लाइंस स्थित रविंद्रा होटल में पहुंची तथा किराये पर कमरा मांगा। होटल के स्टाफ ने महिला को कमरे के 500 रुपये बताए तो महिला ने इतने रुपये में कमरा लेने से मना कर दिया। महिला 300 रुपये कमरे के लिए देने की बात करने लगी। होटल का स्टाफ इसके लिए तैयार नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला कमरा न मिलने पर होटल से जाने लगी तो होटल में मौजूद शराब के नशे में धुत दरोगा देवेंद्र ने महिला से अभद्रता करते हुए महिला को थप्पड़ जड़ दिया। महिला उस समय तो होटल से चली गई और एक घंटे बाद अपने कुछ परिचितों के साथ होटल में आई। कुछ मीडियाकर्मियों को भी वहां बुला लिया गया। महिला ने दरोगा से थप्पड़ मारने का कारण मालूम किया और चप्पल लेकर दरोगा पर टूट पड़ी। महिला ने दरोगा को कई चप्पल जड़ दीं। महिला ने दरोगा को खूब खरीखोटी सुनाई। इस घटना को लेकर होटल में हंगामा मचा रहा। महिला दरोगा को पीटने के बाद वहां से चली गई। दरोगा की शिकायत पुलिस के आला अफसरों से कर दी गई है। दरोगा देवेंद्र शहर कोतवाली थाने में तैनात बताया जाता है। एसपी अजय साहनी के मुताबिक दरोगा की हरकतों का उन्हें शुक्रवार शाम पता चला है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
होटल पर खाकी का अवैध कब्जा
रविंद्रा होटल में दरोगा देवेंद्र ने ही नहीं कई दरोगाओं ने कब्जा जमा रखा है। ये दरोगा होटल का कोई किराया नहीं देते और होटल पर कब्जा किए हुए हैं। खाकी के सामने होटल का स्टाफ भी चुपचाप रहता है। कई बार होटल स्वामी ने बिना पैसे के होटल में रहने वाले दरोगाओं का विरोध किया, पर इन दरोगाओं ने होटल नहीं छोड़ा। कोई न कोई दरोगा होटल में आकर कब्जा जमाता रहता है।