बिजनौर में एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवको ने युवक की मां से सात लाख रूपये ठग लिए। युवक को विदेश में कोई नौकरी नहीं मिली। जैसे तैसे युवक विदेश से अपने घर आया। युवक की मां ने डीजीपी देहरादून से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई हैं।
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की भगत सिंह काॅलोनी निवासी स्वर्गीय नफीस अहमद की पत्नी शबनम ने डीजीपी देहरादून से शिकायत की है कि नजीबाबाद क्षेत्र के साहनपुर के मोहल्ला मेमन निवासी मोहम्मद सरताज व नजीबाबाद के मोहल्ला दरियापुर निवासी मोहम्मद वसीम से उनकी मुलाकात एक समारोह में हुई थी। दोनों ने शबनम को विश्वास दिलाया था कि वह दुबई की ए सी निर्माण करने वाली फर्म में उनके बेटे बिलाल को नौकरी लगवा देंगे। वह कई युवकों को पहले भी दुबई भेज चुके हैं। दोनों युवक नजरअंदाज करने के बाद भी लगातार महिला से संपर्क करते रहे।
महिला के घर आकर उसके बेटे बिलाल को दुबई भेजने पर जोर दिया। शबनम दोनों युवकों की बातों में आ गई । शबनम से पहले पांच लाख रुपये व बाद में खर्चे के लिए दो लाख रुपये लिए। 14 अप्रैल को शबनम के बेटे को टूरिस्ट वीजा देकर दुबई भेज दिया। दुबई की एक फर्म ने एक माह काम कराने के बाद बिलाल को बिना पैसा दिए यह कहकर भेज दिया कि वह टूरिस्ट वीजा पर घूमने आया है। बिलाल ने अपनी मां को फोन करके घर आने के लिए 80 हजार रुपये का इंतजाम करने को कहा। बिलाल ने 61.800 रूपये दंड के जमा किए। तब वह किसी तरह देहरादून पहुंचा। शबनम ने इस मामले में आरोपी दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।