मंडावली में एक फाइनेंसर से दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए करीब एक लाख रुपये लूट लिए।
नजीबाबाद निवासी विनय कुमार भारत इंक्लोजन लिमिटेड एसकेएस में फाइनेंसर है। सोमवार को कंपनी के काम से विनय मंडावली क्षेत्र में गया था। अपराह्न करीब तीन बजे ग्राम मुस्सेपुर से बाइक द्वारा नजीबाबाद लौटते वक्त हरिओम के बाग के निकट उसे चार नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए विनय के पास से करीब एक लाख रुपये और एक टैबलेट लूट लिया। बदमाश विनय को जान से मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची मंडावली पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाश तब तक भाग निकले थे। फाइनेंसर की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी गई। दिनदहाड़े लूट की घटना से मुस्सेपुर एवं आसपास के गांवों के लोगों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।