तंजील अहमद का हत्यारोपी मुनीर।
- फोटो : amar
बिजनौर। एनआईए के अफसर तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना के हत्यारोपी मुनीर अहमद पर अब दो लाख का इनाम घोषित किया गया है। जिले की पुलिस मुनीर की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी भी कर रही है। मुनीर की तलाश में देश के सीमा पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी पुलिस खंगालने में जुटी है।
तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की हत्या का आरोपी मुनीर पर अलीगढ़ पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। अलीगढ़ में हत्याओं के दो मामलों में मुनीर वांछित है। तंजील और उनकी पत्नी के मर्डर के बाद एसपी बिजनौर ने मुनीर पर दो लाख के इनाम की संस्तुति डीजीपी को भेजी थी। तब यह इनाम घोषित नहीं हो सका था। अब मुनीर पर डीजीपी की ओर से दो लाख का इनाम घोषित किया गया है। दोनों हत्याओं के बाद पुलिस मुनीर को हिस्ट्रीशीटर बता रही थी। कहां जा रहा था कि अलीगढ़ में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली है। जबकि वहां मुनीर की कोई हिस्ट्रीशीट नहीं खुली थी।
बिजनौर पुलिस ने अब मुनीर की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पर तेजी से काम किया जा रहा है। उधर मुनीर किसी पड़ोसी देश में तो नही भाग गया? यह पता लगाने के लिए पुलिस नेपाल, बांग्लादेश समेत कई पड़ोसी देशों की सीमा पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है।
एसपी सुभाष सिंह बघेल के मुताबिक मुनीर पर अब दो लाख का इनाम घोषित हुआ है। उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी चल रही है। पुलिस मुनीर की तलाश में जुटी है। अभी मुनीर की कोई लोकेशन नहीं मिली है। उम्मीद है कि पुलिस शीघ्र वह गिरफ्त में होगा।