बिजनौर के नगीना में श्मशान घाट के प्रवेश द्वार पर स्थित संत रविदास की प्रतिमा के पास रखे कमंडल को एक व्यक्तिने क्षतिग्रस्त कर दिया। श्मशान घाट के पुजारी बबलू महाराज की सूचना पर पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी नाथीराम पवार ने बताया कि सुबह करीब 11.30 बजे श्मशान घाट के पुजारी बबलू महाराज ने सूचना दी कि एक व्यक्ति घाट के प्रवेश द्वार पर स्थित संत रविदास की प्रतिमा के पास स्थापित सीमेंट से निर्मित कमंडल को उखाड़ कर अलग कर दिया। पुलिस ने व्यक्ति को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछने पर उसने अपना नाम रवि कुमार 35 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव मलकपुर सहसू बताया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर नगर के गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी से आरोपी व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।