नजीबाबाद में कबाड़ी मार्केट में चोरी का विद्युत तार।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में कबाड़ी मार्केट में छापामार कर पुलिस ने लाखों रुपये का बिजली तार व कीमती सामान बरामद किया है। बरामद किए गए बिजली के सामान की अनुमानित कीमत विद्युत निगम ने 40 लाख से अधिक होने का दावा किया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गोदाम मालिक और अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा, जाब्तागंज चौकी प्रभारी संजय यादव, रामवीर सिंह और एसओजी टीम के नेतृत्व में पुलिस बल ने शुक्रवार शाम पालोमल कॉलोनी स्थित कबाड़ी मार्केट में भूरे के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान काफी बड़े गोदाम में बिजली के एल्यूमीनियम, लोहे और एबीसी कंडक्टर तार बरामद किए गए। ट्रांसफार्मर से विद्युत लाइन जोड़ने वाली बड़ी संख्या में लीड व अन्य कीमती सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस की छापेमारी की सूचना मिलने पर गोदाम मालिक तथा उसके साथी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर विद्युत निगम के एसडीओ विकास कुमार, जेई अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। निगम के अधिकारी ने बताया कि गोदाम से बरामद बिजली सामान की कीमत करीब 40 लाख से अधिक हो सकती है।
मामले की जांच कराएगा विद्युत निगम
नजीबाबाद में बिजली का लाखों का सामान कबाड़ियों तक कैसे पहुंचता था, कहां से बिजली का सामान चोरी किया जाता था। बिजली का सामान चोरी कराने में बिजली कर्मचारी शामिल तो नहीं हैं, इन सब बिंदुओं को लेकर पुलिस और विद्युत निगम को तह तक पहुंचना है। एसडीओ विकास कुमार का कहना है कि विद्युत निगम सभी बिंदुओं को लेकर जांच कराएगा। आरोपियों के गिरफ्त में आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।