नहटौर में पुलिस ने फर्जी मार्कशीट बनाने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथ दबोचने का दावा किया है। आरोपी पूर्व में भी फर्जी मार्कशीट बनाने के मामले में जेल जा चुका है। उसके ऊपर कई केस चल रहे हैं। एक सूचना के आधार पर दो सिपाहियों ने मोहल्ला रंग्रेजान में राशिद हाशमी के घर पर छापा मारा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने उसके घर से एक फर्जी मार्कशीट पकड़ी है। इसे वह एक युवक को बेचने की फिराक में था। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसके एक लड़के को थाने ले आई। आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया तो पुलिस ने उसके लड़के को छोड़ दिया। पुलिस आरोपी को लेकर दोबारा उसके घर गई। पुलिस ने घर में फर्जी मार्कशीट बनाने का प्रिंटर व लैपटॉप आदि सामग्री को तलाशा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व मेें प्रिटिंग प्रेस का काम करता था। वहीं से उसने फर्जी मार्कशीट बनाने का कारोबार शुरू किया था। नहटौर में भी वह फर्जी मार्कशीट बनाने के मामले में पकड़ा जा चुका है। इसके अलावा नौगांवा, हरियाणा, लुधियाना व दिल्ली में उसके खिलाफ फर्जी मार्कशीट के मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट से लेकर कई यूनिवर्सिटी की मार्कशीट व डिप्लोमा बनाने में वह माहिर है। मार्कशीट देखने में बिल्कुल असली लगती है। कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।