बाइक चोरों के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी एमएम बेग।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में नूरपुर पुलिस ने बाइक चोरों का अंतरराज्यीय गैंग दबोचा है। गैंग के कब्जे से 11 मोटरसाइकिलें और एक का चेसिस बरामद किया है। गैंग दिल्ली और यूपी में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देता था। गैंग ने कहां से बाइक चोरी की है पुलिस इसे तस्दीक करने में जुटी है।
एसपी सिटी कैप्टन एम.एम बेग के मुताबिक नूरपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान स्योहारा रोड पर नहर की पुलिया के पास से अमरोहा जिले के बछराऊ थाना क्षेत्र के गांव चौखट निवासी मोहसिन, मौसम और मुरादाबाद जिले के छजलैट थाने के गांव अगवानपुर निवासी फुरकान को दबोचा । पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 11 बाइक व एक मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया है।
पकड़ा गया गैंग शातिर किस्म के चोर व लुटेरे र्है। गैंग के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली , गाजियाबाद, मुरादाबाद व बिजनौर से बाइक चोरी की है। चोरी की बाइक को बेचने के लिए ये नूरपुर आए थे तभी पकड़े गए। पुलिस ने पकड़ गए गैंग के सदस्यों से तीन चाकू भी बरामद किए हैं। पकड़े गए मोहसिन व मौसम आपस में दोस्त हैं। मोहसिन चोरी के वाहनों को बेचने का काम करता था। कितने रुपये में गैंग वाहनों को बेचता था इस बारे में गैंग के सदस्यों ने कोई खुलासा नहीं किया है। एसपी सिटी ने बताया कि गैंग ने कहां- कहां से बाइक चोरी की है पुलिस इसकी जांच करने में जुटी है।