बिजनौर में जिले की पुलिस के लिए एक लाख का इनामी बदमाश आदित्य सिरदर्द बना हुआ है। आदित्य ने पड़ोसी राज्य में अपने साथी के साथ शरण ले रखी है। आदित्य की तलाश में पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम भी लगी है।
स्योहारा थाने के गांव राना नगला निवासी एक लाख का इनामी बदमाश आदित्य पांच माह पूर्व मुरादाबाद में पेशी के दौरान पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था। इसके बाद जरायम की दुनिया में उसका नाम उभरता गया। आदित्य ने अपने गांव के मुकेश की हत्या के बाद कई कत्ल किए। पुलिस ने आदित्य के पिता राजपाल, साथी राहुल, विशाल को दबोच लिया पर आदित्य पुलिस के हाथ नहीं आया।
आदित्य अपने साथी गांव स्वाहेड़ी निवासी 20 हजार के इनामी रोहित के साथ फरार है। पुलिस के मुताबिक आदित्य ने रोहित के साथ उत्तराखंड में अपने ठिकाने बना लिए हैं। इन ठिकानों को वह बदलता रहता है। पुलिस को उसके ठिकानों को कोई क्लू नहीं मिल रहा है। कई बार पुलिस ने उत्तराखंड में आदित्य के ठिकाने तलाश किए पर सफलता नहीं मिली। अब भी पुलिस आदित्य की तलाश मेें जाल बिछाए हुए है। आदित्य ने अपने रिश्तेदारो व परिचतों से संपर्क साधना बंद कर दिया है। अब वह किसी से भी मोबाइल पर बात नहीं कर रहा। अपने मोबाइल के नंबर भी आए दिन बदलता रहता है। पुलिस के लिए आदित्य बड़ी मुसीबत बना हुआ है। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक पुलिस की कई टीम आदित्य की तलाश में लगी हुई हैं।
आदित्य के घर फरारी नोटिस चस्पा किया
स्योहारा में एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश आदित्य के घर पर मंडावली पुलिस ने फरारी नोटिस चस्पा किया है। मंडावली थाने के दरोगा अजेंद्र कुमार सिंह के अनुसार उनके थाने में एक लूट व चोरी में आदित्य वांछित चल रहा है। इसलिए कोर्ट के आदेश पर उसकी फरार का नोटिस चस्पा किया गया है। पूर्व में भी उसके खिलाफ नोटिस जारी हो चुके हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, उसका सुराग नहीं लग रहा है।
10 बदमाश छह महीने के लिए जिला बदर
बिजनौर में डीएम ने जिले के दस बदमाशों को छह माह के लिए जिला बदर करने के निर्देश दिए हैं। जिले की सीमा में इन बदमाशों के देखे जाने पर तुरंत इसकी सूचना देने को कहा गया हैं। इन बदमाशों में इस कर्रवाई से खलबली मच गई हैं। डीएम जगतराज ने अफजलगढ़ थाने के गांव मुरलीवाला निवासी सोनू, बढ़ापुर थाने के गांव भोगपुर निवासी सुखवेंद्र , नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी वाहिल उर्फ टल्ली, नगीना के मोहल्ला खुर्रम अली सराय निवासी इरशाद उर्फ अन्नी, मंडावर थाने के गांव मानसापुर निवासी राजू, शेरकोट थाने के गांव महमदाबाद निवासी मुजाहिद, नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी मो. उस्मान, शावेज, नहटौर के मोहल्ला ईदगाह निवासी शब्बू, नहटौर के गांव जसमौर निवासी राकेश को जिला बदर किया हैं। जिला बदर होने से इन बदमाशों में खलबली मची है। पुलिस के डर से ये बदमाश छिपे घूम रहे हैं। डीएम ने लोगों से कहा है कि अगर ये बदमाश कहीं दिखाई दे तो इनकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएं। छह माह तक ये बदमाश जिले की सीमा में नजर नहीं आएंगे। पुलिस को भी इन बदमाशों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।