कोतवाली देहात के ग्राम गारवपुर से पलायन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के कोतवाली देहात में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद गांव गारवपुर में बूढ़े बाबा के देव स्थल पर लाउडस्पीकर उतारने को लेकर पैदा हुए विवाद का हल नहीं निकल सका है। अधिकारियों की ओर से निर्धारित की गई समय सीमा को निकलते देख एक पक्ष के तीन परिवारों ने गांव से पलायन करना प्रारंभ कर दिया।
इस प्रकरण में पुलिस प्रशासन की ओर से एक संप्रदाय को आश्वासन दिया था कि तीन दिन में समस्या का निदान करा दिया जाएगा। इसमें एसडीएम नगीना डॉक्टर गजेंद्र सिंह एवं सीओ नगीना महेश कुमार के समक्ष दोनों संप्रदाय के लोग हिंदू युवा वाहिनी के मुरादाबाद मंडल प्रभारी डॉक्टर एनपी सिंह, युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष संजीव मलिक की मौजूदगी में समस्या निस्तारण के लिए एक बैठक बुलाई थी। इसमें दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों की एक निस्तारण समिति का गठन किया था। इसमें तीन मई को समस्या निस्तारण की तिथि नियत की थी लेकिन समय बीतने पर भी कोई सहमति नहीं बनी थी। उधर, पुलिस प्रशासन के रवैये से क्षुुुब्ध होकर शुक्रवार को रामकुमार, पूरन सिंह, अजय पाल सिंह, मान सिंह, मोहित आदि करीब 35 परिवारों ने गांव से पलायन करनेेे की चेतावनी देते हुए अपने मकानों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ लिखवा दिया था।
इस पर एडीएम प्रशासन, एसपी देहात, एसडीएम नगीना, तहसीलदार नगीना और थाना अध्यक्ष कोतवाली देहात पंकज तोमर गांव में पहुंचे थे और दोनों पक्षों के लोगों को लाउडस्पीकर समस्या का निस्तारण तीन दिन के अंदर करने का आश्वासन दिया था। मगर, अधिकारियों की टीम के आश्वासन की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी समस्या जस की तस है। इससे नाराज एक पक्ष के अजयपाल सिंह, मान सिंह, भोगेंद्र सिंह ने गांव से पलायन शुरू कर दिया है। वे ट्रैक्टर ट्रॉली में अपना कुछ सामान भरकर ले जाने लगे है।
यह था मामला
गांव गारवपुर में एक सप्ताह पहले बूढे़ बाबा के देव स्थल पर लगे लाउडस्पीकर को पुलिस ने हटवा दिया था। तब से दोनों संप्रदाय में तनाव था। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। प्रशासन ने विवाद को निपटाने के लिए दोनों संप्रदाय के लोगों की कमेटी गठित की थी। पर समस्या का कोई हल नहीं निकला। इसके बाद एक संप्रदाय के लोगों ने गांव से पलायन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद गांव पहुंचे अफसरों ने तीन दिन में विवाद को निपटाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी विवाद नहीं निपटा। कोतवाल देहात के एसओ पंकज तोमर के मुताबिक ग्रामीणों के पलायन की सूचना पर एडीएम नगीना गांव में पहुंच गए है।
गारवपुर गांव में कोई पलायन नहीं हुआ है। एसडीएम नगीना, सीओ गांव में पहुंच गए थे। गांव वालों से इस विवाद को निपटाने का और समय मांगा गया है। जिस पर गांव वाले तैयार हो गए हैं, जल्द ही यह विवाद निपट जाएगा - विश्वजीत श्रीवास्तव, एसपी देहात।