बिजनौर । बरेली जोन के आईजी ने मंगलवार को एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद के मर्डर का खुलासा कर दिया। हिस्ट्रीशीटर मुनीर ने दो साथियों के साथ मिलकर निजी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद और बैंक लूट की मुखबिरी करने के शक में तंजील का मर्डर किया था। मुनीर ने दोनों हाथों से तंजील पर गोलियां बरसाईं थी।
मुनीर के बाद रैय्यान ने भी तंजील अहमद पर गोलियां दागी थी। पुलिस ने मुनीर के दोनों साथियों रैय्यान और जैनी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुनीर पकड़ा नहीं जा सका है। मुनीर पर शासन स्तर से दो लाख इनाम किए जाने का प्रस्ताव कर दिया गया है।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बरेली जोन के आई विजय सिंह मीणा ने बताया कि 3/4 अप्रैल की रात स्योहारा से भांजी की शादी से वैगनआर कार से सहसपुर लौटते वक्त बाइक सवार दो बदमाशों ने तंजील अहमद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। उनकी पत्नी फरजाना भी गोली लगने से घायल हुई थी। पुलिस ने इस मामले में शक के आधार पर सहसपुर निवासी रैय्यान और जैनी को हिरासत में ले लिया था। दोनों ने पुलिस को बताया था कि तंजील अहमद का मर्डर मुनीर ने किया था।
आईजी के मुताबिक रैय्यान घटना की रात अपने पिता शहादत हुसैन के साथ बंधन बैंक्वट हाल में अपनी बाइक से तंजील की भांजी की शादी में शामिल होने गया था। रात में दस बजे पिता को अपनी बाइक से लेकर सहसपुर घर आ गया था। बाद में रैय्यान अपने साथी जैनी के साथ बाइक से निकल पड़ा।
सहसपुर में एचएम इंटर कॉलेज के सामने दूसरी बाइक पर मुनीर मिला। रैय्यान ने मुनीर से कहा कि उनका दोस्त तंजील शादी में आ गया है। तीनों सुनसान रास्ते पर आ गए। मुनीर ने बैग से दो पिस्टल व दो रिवाल्वर निकाले। दो पिस्टल व एक रिवाल्वर तो मुनीर ने अपने पास रखे।
एक रिवाल्वर 32 बोर का रैय्यान को दिया। मुनीर ने अपना बैग बंद करके जैनी को दे दिया। रैय्यान की बाइक व बैग लेकर जैनी अपने घर चला गया। मुनीर की बाइक से रैय्यान और मुनीर स्योहारा पहुंचे। वहां बंधन बैंक्वट हाल के पास सड़क के दूसरी ओर अंधेरे में खड़े होकर शादी समारोह से निकलने वाले लोगों पर नजर रखने लगे। तंजील अहमद की कार निकलते ही दोनों दोनों बाइक से उनके पीछे लग गए।
रास्ते में तंजील की कार को ओवरटेक करके पुलिया के पास मुनीर ने तंजील अहमद पर पिस्टल व रिवाल्वर से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। मुनीर ने पिस्टल से पहले चार राउंड गोलियां चलाई। फिर रिवाल्वर और दूसरी पिस्टल से दोनों हाथों से तंजील अहमद पर गोलियां दागी। मुनीर बाइक पर पीछे बैठा था। बाद में रैय्यान ने भी तंजील पर फायर किया। इस दौरान मुनीर ने रैय्यान से कहा कि तंजील बहुत मुखबिरी करता था। मुनीर और रैय्यान दोनों बाइक से जैनी के पास पहुंचे। रैय्यान बाइक से वहां उतर गया। रैय्यान के घर ही जैनी भी सो गया।
मुनीर अपने घर जाकर सो गया। अगले दिन मुनीर के पिता महताब ने स्योहारा के मोहल्ला मौलवियान निवासी इनामुलहक उर्फ इनाम को बताया कि मुनीर घर आया है घर जाकर उससे मिल लो। वह रात में करीब दस बजे मुनीर के घर गए, तो वहां रैय्यान व जैनी पहले से मौजूद थे। कुछ समय बाद हल्दौर थाने के कस्बा झालू निवासी मुनीर का फुफेरा भाई बॉबी उर्फ फजल भी वहां आ गया। घटना से अगले दिन रात में वह बेखौफ होकर निकल गया।
आईजी ने बताया कि मुनीर ने अपने साथी टांडा निवासी सऊद के साथ मिलकर धामपुर के पीएनबी की कैश वैन से 91 लाख रुपये लूटे थे। लूट के बाद सहसपुर के कुछ युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इन युवकों ने बाद में मुनीर को बताया था कि पुलिस लूट में उसका नाम ले रही है। यह काम तंजील अहमद के अलावा और कोई नहीं कर सकता। मुनीर ने यहीं से तंजील को ठिकाने लगाने की बात ठान ली थी।
मुनीर को तंजील के खिलाफ भड़काने का रैय्यान ने भी बहुत काम किया। रैय्यान तंजील से परिजनों को अपमानित व पीड़ित करने से नाराज था। पुलिस ने रैय्यान की बाइक भी बरामद कर ली है। एसएसपी सुभाष बघेल ने बताया कि फरार मुनीर के पास हत्या में इस्तेमाल किए गए 9 एमएम के दो पिस्टल, .32 बोर के दो रिवाल्वर हैं। इसके अलावा उसके पास कुछ तमंचे होने के जानकारी भी मिली है। इनकी बरामदगी अभी बाकी है।