चीनी मिल के पास मिले युवक के शव की जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा मेंं तीन दिन से घर से लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ईंटों से कुचलकर युवक की हत्या की गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार की सुबह चीनी मिल के पास ट्रक यूनियन के पुराने कार्यालय के खंडहर पड़े भवन में एक युवक का ईंट से बुरी तरह कुचला हुआ शव मिला। शव की पहचान मोहल्ला हिंदू चौधरियान पीर का बाजार के अली हसन का 22 वर्षीय पुत्र वासिल के रूप में की गई। थानाध्यक्ष एसपी शर्मा ने बताया कि घटनास्थल देखकर लगता है कि युवक और आरोपियों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में आरोपियों ने युवक के सिर पर ईंटों से वारकर हत्या कर दी। घटनास्थल की दीवारों पर खून के निशान, जगह-जगह नशे के लिए इस्तेमाल की गईं सीरिंज पड़ी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई ईंट बरामद कर ली हैै। मृतक के पिता अली हसन की तहरीर पर दो आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।