बिजनौर में जामा मस्जिद बिजनौर के इमाम अनवारूल हक पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। उनकी संपत्ति व घर की कुर्की के आदेश एसीजेएम कोर्ट ने जारी कर दिए हैं। कुर्की के आदेश जारी होने से अनवारूल हक के समर्थकों में खलबली मची है।
मुजफ्फरनगर की एक महिला के साथ अनवारूल हक की वीडियो वायरल हुई थी। महिला ने अनवारूल हक व उनके साथी खुर्रम के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल में पाया कि अनवारूल हक महिला को कलियर शरीफ भी ले गए थे। वहां एक होटल के कमरे में महिला व अनवारूल हक कई घंटे साथ रहे। इसकी वीडियो क्लीपिंग भी पुलिस ले आई थी। पुलिस ने अनवारूल हक की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अफसरों को धमकाने व फैजान नामक युवक पर हमले के मामले में भी अनवारूल हक पर रिपोर्ट दर्ज है। कोर्ट ने अनवारूल हक व खुर्रम के फरारी वारंट पहले ही जारी कर दिए थे। इन वारंटों को उनके मकान पर चस्पा करा दिया था। बृहस्पतिवार को कोर्ट ने अनवारूल हक व खुर्रम की कुर्की कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे अनवारूल हक के समर्थकों में खलबली मची है। महिला थाने की इंस्पेक्टर मंजू सिंह ने अनवारूल हक व उनके साथी खुर्रम के खिलाफ कोर्ट से कुर्की वारंट जारी होने की पुष्टि की है। जल्दी ही दोनों की संपत्ति की कुर्की की जाएगी।