कोतवाली देहात में नैनीताल से साइकिल पर हरिद्वार-ऋषिकेश जा रहे एक विदेशी पर्यटक से कुछ बदमाशों ने नकदी, मोबाइल आदि लूट लिया। पर्यटक ने पुलिस को बदमाशों के स्कैच बनाकर सौंपे।
पुलिस के मुताबिक, रूसी पर्यटक कोला नैनीताल से हरिद्वार-ऋषिकेश साइकिल से घूमने जा रहा था। बृहस्पतिवार रात देहरादून-नैनीताल नेशनल हाईवे 74 पर गांव हुसैनाबाद के निकट दो बदमाशों ने उसे दबोच लिया और बुरी तरह मारा-पीटा। बदमाश कोला से पांच हजार रुपये नकद, दो मोबाइल, सोने की चेन व कुछ कागजात छीनकर भाग गए। कोला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की। इसके बाद पर्यटक ने लूट की तहरीर पुलिस को दी और चला गया। पुलिस के मुताबिक, कोला स्कैच आर्टिस्ट है।
उसने लूटपाट के आरोपी बदमाशों के स्कैच बनाकर पुलिस को सौंपे हैं। उधर, इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक तेजेंद्र यादव का कहना है कि नजीबाबाद मार्ग पर ढाबे के पास पड़े पर्यटक के बैग और मोबाइल को ग्रामीणों ने लाकर थाने में जमा किया है। उन्होंने वारदात को संदिग्ध करार दिया है।