नजीबाबाद में सैनिक को चलती ट्रेन से फेंकने के सनसनीखेज मामले में जीआरपी नजीबाबाद ने मुरादाबाद के टीटीई मुरारी लाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बेगमपुरा एक्सप्रेस में सैनिक सर्वजीत का आरक्षण कराने को लेकर टीटीई से विवाद हुआ था। आरोप था कि विवाद के बाद टीटीई ने सैनिक सर्वजीत सिंह को नजीबाबाद स्टेशन से पूर्व सामान सहित चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया था।
जीआरपी नजीबाबाद प्रभारी एमआर करदम ने बेगमपुरा एक्सप्रेस से सात सितंबर 2018 को सैनिक सर्वजीत सिंह को सामान सहित चलती ट्रेन से फेंकने के आरोपी टीटीई मुरारी लाल को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी प्रभारी एमआर करदम विवेचना अधिकारी राजकुमार सिंह ने सैनिक के भाई बेरिया दौलत केलाखेड़ा उधमसिंह नगर निवासी राजेंद्र सिंह द्वारा लिखाई रिपोर्ट की जांच पड़ताल के बाद मुरादाबाद स्टेशन के टीटीई मुरारी लाल को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। टीटीई ने सैनिक सर्वजीत से विवाद होने की बात स्वीकारी। बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप 55 में कार्यरत सैनिक सर्वजीत सिंह सात सितंबर 2018 को नजीबाबाद स्टेशन से पूर्व रेल ट्रेक के निकट घायल अवस्था में मिला था। घायल सैनिक का बैग घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर पूर्व झाड़ियों से बरामद किया था। जिला मुख्यालय बिजनौर पर उपचार के बाद सैनिक अस्पताल मेरठ में सर्वजीत का उपचार हुआ था। सैनिक सर्वजीत और उसके भाई राजेंद्र सिंह ने आरक्षण को लेकर टीटीई और उसके साथियों पर अवैध वसूली करने की वीडियो बनाने को लेकर उसे चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगाया था। घायल सैनिक की ओर से उसके भाई राजेंद्र सिंह ने नजीबाबाद जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोपी टीटीई की सेवानिवृत्ति नजदीक
नजीबाबाद। जीआरपी नजीबाबाद को आरोपी टीटीई तक पहुंचने में सैनिक के कैमरे में कैद टीटीई की फोटो काम आई। मुरादाबाद स्टेशन पर तैनात आरोपी टीटीई मुरादाबाद निवासी मुरारी लाल की सेवानिवृत्ति काफी नजदीक है। टीटीई ने सैनिक से टिकट को लेकर विवाद होने की बात स्वीकारी लेकिन चलती ट्रेन से धकेलने के आरोप से इंकार किया।