कासमपुरगढ़ी में युवती से छेड़छाड़ के मामले में पटाक्षेप को लेकर बैठी पंचायत में दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इस घटना से पंचायत में अफरातफरी मच गई। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। हमले में एक युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पूर्व में मिली तहरीर पर ही जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पहले दो परिवारों में युवती से छेड़छाड़ को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
शुक्रवार की शाम समझौता कराने के लिए ग्राम प्रधान के घर पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। फैसले में भारी हुजूम जुड़ा हुआ था। इस दौरान एक पक्ष के युवती पर टीका टिप्पणी करने पर दोनों पक्षों में लाठी डंडे निकल गए। झगड़े में एक युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव में लाठी फटकार कर शांति व्यवस्था बनाई। दोनों पक्ष पुलिस को देख मौके से फरार हो गए। उधर, इंस्पेक्टर रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पूर्व मिली तहरीर के आधार पर ही दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उधर, ग्राम प्रधान हामिद हसन का कहना है कि कोई भी पक्ष क्षमा मांगने को तैयार नहीं है। अब इस मामले में कानून अपना काम करेगी।