चांदपुर में युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में बाइक से मां को लेने जा रहे हिस्ट्रीशीटर को गांव पीपलसाना के पास गोली से उड़ा दिया। मर्डर के बाद कातिल मौके से फरार हो गए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। तीन लोगों के खिलाफ मर्डर की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुरानी रंजिश को लेकर मर्डर होना बताया जा रहा है।
क्षेत्र के गांव ककराला निवासी 23 वर्षीय छत्रपाल शनिवार को बाइक से नूरपुर क्षेत्र के गांव बुढ़पुर में अपनी नानी के घर अपनी मां को लेने जा रहा था। मां ने उसे फोन करके बुलाया था। नूरपुर रोड पर गांव पीपलसाना के पास छत्रपाल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। एक गोली छाती से पार हो गई तथा एक गोली हाथ और पैर में लगी है।
मर्डर के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों में मर्डर की सूचना से कोहराम मच गया। परिजन दौड़ कर मौके पर पहुंचे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। छत्रपाल के पिता अमर सिंह ने गांव ककराला निवासी वीर सिंह, उसके मृत भाई रोहिताश के गांव मोरना निवासी दो सालों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह के मुताबिक छत्रपाल की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। करीब तीन वर्ष पूर्व छत्रपाल के खिलाफ रोहताश की हत्या के मामले में थाना शिवाला कला में रिपोर्ट दर्ज हुई थी, वह जेल भी जा चुका था। रोहताश के मर्डर के बाद परिजन छत्रपाल से बदला लेने की फिराक में लगे थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में है।