बिजनौर में घरेलू कलह के कारण युवक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर झूल गया। परिजन उसके शव को घर ले गए और कोई भी कार्रवाई कराने से मना कर दिया। पुलिस के मुताबिक बिजनौर में चांदपुर की चुंगी के पास शाहपुर रवाना निवासी लियाकत (40) का रविवार को अपने परिजनों से किसी बात को लेकर अनबन हो गई। शाम करीब 5.30 बजे लियाकत अपने घर से निकल गया और झंडापुर से गांव मुबारकपुर तालन जाने वाले मार्ग पर रस्सी का फंदा गले में डालकर पेड़ पर झूल गया। इसका पता परिजनों को चला तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से उसे उतार लिया। परिजन उसे एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सकों ने लियाकत को मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाल शैलेंद्र गौतम के मुताबिक परिजन शव को घर ले गए हैं। परिजनों ने इस मामले में कोई कार्रवाई न करने की बात कही है।