नहटौर में निजी नर्सिग होम में गर्भवती महिला का आपरेशन करने के दौरान अधिक रक्त स्राव होने से जच्चा- बच्चा दोनों की मौत हो गई। आपरेशन के दौरान महिला के गुर्दे की नस काटने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने नर्सिंगहोम पर जमकर हंगामा किया। हंगामा होता देख कर्मचारी पिछले गेट से भाग निकले।
मोहल्ला जोशीयान निवासी नफीस अहमद ने चार दिन पूर्व पत्नी आसमां को ब्लॉक परिसर के सामने एक अस्पताल में भर्ती कराया था। मोहल्लेवासियों के मुताबिक प्रसव पीड़ा होने पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति में नर्सिंगहोम में एक नर्स ने स्टाफ कर्मचारियों के साथ मिलकर महिला का आपरेशन कर दिया। महिला ने एक लड़के को जन्म दिया। आरोप है कि आपरेशन के दौरान महिला का गुर्दे की नस कट गई, जिसमें अधिक रक्तस्राव होने से महिला की हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद बच्चे की भी मौत हो गई। अस्पताल कर्मचारियों ने ही परिजनों के साथ जाकर महिला को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत में सुधार नहीं होने पर मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया, वहां महिला को मृत घोषित कर दिया।
सैकड़ों लोगों ने महिला का शव नहटौर लाकर नर्सिंग होम के सामने रखकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। आपरेशन करने वाले कर्मचारी नर्सिंगहोम का अंदर से ताला लगाकर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चल रही है। कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।