हल्दौर में गांव फरीदपुर दुल्ला में अपनी रिश्तेदारी में छुट्टी मनाने आए कुछ बच्चे नाश्ता करने के बाद उल्टी-दस्त के शिकार हो गए। फूड प्वाइजिंग के शिकार बच्चों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देख परिजनों ने मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां पर बच्चों की हालत में खास सुधार नहीं हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर दुल्ला निवासी महेंद्र सिंह की बहन अनिता की शादी कोतवाली क्षेत्र के गांव झुलावाला में हुई थी। स्कूलों में गर्मियों के अवकाश घोषित होने पर महेंद्र अपनी बहन के बच्चों को अपने साथ गांव ले आया। महेंद्र के बच्चे नाश्ता करने के लिए गांव के एक दुकान से रस व बिस्कुट ले आए। शुक्रवार की सुबह महेंद्र के छोटे भाई अमित ने अपने भांजे और भांजियों के साथ चाय के साथ रस खाए। इसके बाद आकांक्षा, रूपाली, प्रिंस और अमित समेत चारों को उल्टी दस्त शुरू हो गए। चारों की हालत बिगड़ने पर महेंद्र ने तुरंत अपने भाई अमित और बहन के बच्चों आकांक्षा ,रुपाली,व प्रिंस को गांव के निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भर्ती कराया। चारों की हालत में कोई सुधार नहीं होता देख उन्हें उपचार के लिए सीएचसी हल्दौर में भर्ती कराया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर मदनपाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी चारों मरीजों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। मरीजों का उपचार किया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने फूड प्वाइजिंग के शिकार मरीजों को ओआरएस का घोल पीने की सलाह दी है।