बिजनौर-बैराज रोड पर किसान की हत्या के विरोध में खेड़की चौराहे पर जाम लगाते झकड़ी के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में किसान की शनिवार रात हत्या के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस प्रशासन के खिलाफ भड़क गया। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने किसान के शव को बैराज रोड पर घंटों रखकर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के चलते आए दिन लूटपाट. डकैती और हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देकर बदमाश आसानी से फरार हो जाते हैं। पुलिस का बदमाशों में कोई खौफनहीं है। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर किसान जाम खोलने को राजी हुए।
शहर कोतवाली के गांव झकड़ी बांगर निवासी सलीम अहमद (30) शनिवार की सुबह गांव झकड़ी बांगर व धर्मनगरी के बीच स्थित अपने बाग में पानी देने गया था। रात में करीब 8.30 बजे बाग से लौटते समय किसी ने सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी। सलीम का शव बाग के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला। गोली सलीम की बाई ओर गर्दन में लगकर आरपार हो गई थी। सलीम की हत्या की खबर मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद बैराज मार्ग पर खेडकी के चौराहे पर ग्रामीणों ने सलीम के शव को रखकर जाम लगा दिया। जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
ग्रामीण सलीम के कातिलों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन और जाम की सूचना मिलने पर विधायक रूचि वीरा, उनके पति जिला पंचायत अध्यक्ष उदयनवीरा ,खुशनूद खां , सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी , एसपी देहात डा. धर्मवीर सिंह , एसडीएम अजय तिवारी , सीओ सिटी रामनंद कुशवाहा मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया। इन लोगों ने प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अनवारूल हक ने ने मौके पर पहुंचकर अफसरों से बात की। लोगों के काफी मशक्कत के बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए।
युवक का शव मिला
अफजलगढ़ में गांव झाड़पुरा के पास रामगंगा नदी किनारे युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। शनिवार की रात पुलिस को झाड़पुरा रामगंगा नदी के किनारे युवक की लाश मिली है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त बढ़ापुर थाने के गांव इनायतपुर निवासी शिव कुमार पुत्र कृपाल सिंह के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि वह दो अप्रैल से घर से लापता था। छह अप्रैल को परिजनों ने बढ़ापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर एसआई नरेशपाल सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का पता लगेगा।