बिजनौर में शहर के एक होटल से देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार छह युवक-युवतियों और दो होटल कर्मचारियों सहित आठ आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर हो गई है। प्रभारी जिला जज डीआर मिश्र ने उनकी जमानत स्वीकार करते हुए उन्हें 50-50 हजार के दो जमानती व इसी राशि का पर्सनल बांड देने पर छोड़ने के आदेश दिए हैं।
बैराज रोड पर बैंक्वेट हॉल के नजदीक अरशद जैदी के यूनिक होटल में 20 दिसंबर को पुलिस ने छापा मारा था। इस दौरान पुलिस ने तीन युवकों बकली निवासी राहुल, गांव हैजरपुर निवासी ललित व गजरौलाशिव निवासी शिवम को तीन युवतियों के साथ पुलिस ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। पुलिस ने युवक युवतियों के अलावा होटल कर्मचारी हुसैन व शाकिब को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनका देह व्यापार की धारा में चालान किया था। सीजेएम कोर्ट ने इस मामले में सभी आठों आरोपियों की जमानत याचिका निरस्त कर दी थी। सोमवार को इस मामले में प्रभारी जिला जज डीआर मिश्र की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने आठों आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर कर ली है। वहीं नगीना में नगीना के एक डिग्री कालेज की छात्रा का एक मोहल्ला निवासी युवक से पिछले काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। एक सप्ताह पूर्व दोनों प्रेमी-युगल फरार हो गए। इस मामले में छात्रा की बड़ी बहन ने नगीना थाने में मोहल्ला निवासी मोहसिन, जुनेद व सलमान के खिलाफ तहरीर दी थी। सोमवार को युवती ने खुद थाने आकर अपने को बालिग बताते हुए आरोपियों को बेकसूर बताया। पुलिस ने न्यायालय में युवती के बयान दर्ज करा दिए हैं।