फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान जांच करती खाद्य विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
किरतपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मसालों में मिलावट करने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मसाला पीसने की आड़ में मिलावट करके बेचे जा रहे मसालों को सील दिया। मौके से मिलावटी 375 किलो पिसी हुई मिर्च, 80 किलो धनिया, 62 किलो हल्दी जब्त करते हुए सील कर दी। नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला को भेज दिए।
शनिवार को अभिहीत अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने पुलिस बल के साथ मोहल्ला अहमदखेल में एक मसाला पीसने की चक्की पर छापा मारा। टीम को मौके पर रसोई में खाना बनाने के काम आने वाली मिर्च, धनिया, हल्दी आदि में मिलावट करते हुए चक्की मालिक को रंगेहाथों पकड़ा। मौके पर अधिकारियों ने पाया कि मसालों में हल्दी व मिर्च में जहरीला रंग, धनिया में कनकी, पीसा हुआ पत्थर आदि की मिलावट की जा रही थी। मौके से मिलावटी तैयार किए गए मसालों में 375 किलो मिर्च, 80 किलो धनिया व 62 किलो हल्दी पकड़ कर जब्त की। चक्की स्वामी खुर्शीद से मिलावटी समान तैयार करने के बारे में पूछताछ की। टीम के अनुसार खुर्शीद कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। अधिकारियों को मौके पर देखकर घबरा गया।
फैक्ट्री पकड़ी जाने की सूचना मिलने से सैकड़ों लोग भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस बल भी टीम के साथ रहा। टीम ने मिलावटी खाद्य सामग्री को सील कर दिया और मालिक के ही सुुपुर्दगी में दे दिया। मिलावटी खाद्य सामग्री के नमूने भर कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला को भेज दिया गया। जांच टीम में तेजबहादुर सिंह, कमलेश कुमार, मोहित कुमार आदि शामिल रहे।