गजरौला शिव में शादी की पहली रात ही दुल्हन परिवार के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई। दिव्यांग पति परिजनों के साथ उसकी तलाश में जगह-जगह घूम रहा है। गांव गजरौला अचपल निवासी बृजेश के दोनों पैरों से दिव्यांग है और ट्राईसाइकिल से घूमता है। वह बृहस्पतिवार को कोटद्वार गया था और वहां से एक युवती के साथ लौटा। उसने गांव के गुरुद्वारे में उस युवती से शादी की। युवती को सोने चांदी के जेवर भी दिए। शाम को घर में एक कार्यक्रम होने से सभी परिजन व्यस्त थे। इसी बीच बृजेश की नई नवेली दुल्हन शादी में मिले गहने लेकर चंपत हो गई। इसका पता चलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार और गांव वाले रात भर आसपास के क्षेत्र में बृजेश की पत्नी को तलाशते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों का कहना है कि दुल्हन परिवार को ठगी का शिकार बनाकर गई है।