स्योहारा । छात्रा के अपहरण के बाद उसे खाली मैदान में फेंके जाने के पांच दिन बाद भी अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे गुस्साए वाल्मीकि समाज के लोगों ने थाने पहुंच कर प्रदर्शन किया। कुछ दिन पूर्व कॉलेज से प्रयोगात्मक परीक्षा दे कर घर लौट रही छात्रा का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया था। जो अगले दिन सुबह सबेरे बेहोशी की हालत में एक बोरी में बंद मिली थी। छात्रा को पुलिस ने बोरी में से निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया था।
छात्रा नगर के वाल्मीकि समाज की थी। छात्रा के पिता को आरोपियों ने मोबाइल फोन पर छात्रा की उंगली काटने और जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी छात्रा के पिता ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पांच दिन बीत जाने के बाद भी अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी न होने से नाराज बाल्मीकि समाज ने थाने पहुंच कर प्रदर्शन किया।
उधर, कस्बा इंचार्ज एसआई अशोक कुमार ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया। उनका कहना है कि आरोपियों का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया गया है। सही लोकेशन मिलते ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।