स्योहारा में पुलिस ने गांव राना नंगला में मुकेश की हत्या के आरोपी इनामी बदमाश आदित्य और उसके साथी रोहित को 28 घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस मुकेश की हत्या के वक्त खून में सने आदित्य के कपड़े बरामद करने के लिए दोनों बदमाशों को देहरादून ले गई है।
स्योहारा पुलिस को अदालत ने आदित्य और रोहित की मुकेश हत्या कांड में 28 घंटे की रिमांड मिली है। पुलिस ने दस बजे रिमांड मिलते ही उन्हें देहरादून ले गई। आदित्य ने पुलिस को बताया था कि मुकेश की हत्या के समय जो कपड़े उसने पहन रखे थे उन पर खून के छींटे आए थे। वह कपड़े देहरादून में छिपा दिए थे। थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने बताया कि आदित्य ने पूछताछ में बताया है कि हत्या में प्रयुक्त तमंचा उसने थाना क्षेत्र के गांव डेहरा बिलंदी के जंगल में फेंक दिया था। रोहित आदित्य को मुकेश की मोबाइल पर पल पल की खबर देता था वह मोबाइल रानीखेत के जंगल में छिपाया था। पुलिस मोबाइल बरामद करने भी जाएगी।
आदित्य ने दस जनवरी को अदालत में पहुंच कर अपने साथी रोहित के साथ आत्मसमर्पण कर दिया था। आदित्य के आत्मसमर्पण के बाद से ही जनपद भर के थानों की पुलिस ने आदित्य की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए अदालत में अर्जी लगानी शुरू कर दी। 28 जनवरी को स्योहारा पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए अदालत ने 28 घंटे के लिए जेल से आदित्य को पुलिस कस्टडी में देने का आदेश दिया।