अफजलगढ़। कस्बा निवासी एक सर्राफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को उसके एक पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने नगर के एक प्रसिद्घ कपड़ा व्यापारी का परिचय देते हुए जामा मस्जिद के पास अपना मकान बताते हुए सर्राफ से पाजेब भेजने को कहा। सर्राफ ने अपने छोटे भाई को पाजेब लेकर बताए गए स्थान पर भेज दिया। व्यक्ति ने छह जोड़ी पाजेब पसंद करने के बाद छह अंगूठी सोने की खरीदने की भी बात कही। इसके बाद सर्राफ ने भाई को अंगूठी दिखाने भी भेज दिया। तभी व्यक्ति ने उसके छोटे भाई को जामा मस्जिद के पास एक दुकान में बैठाकर अंगूठी अपने घर ले जाकर पसंद कराने की बात कही। मगर, इसके बाद वह नहीं लौटा। सर्राफ ने मस्जिद के आसपास कई मकानों में व्यक्ति की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। सर्राफ को जब ठगे जाने का अहसास हुआ तो उसने सीसीटीवी कैमरे चेक किए। उसमें एक व्यक्ति दुकान की रैकी करते हुए दिखाई दिया। सर्राफ के छोटे भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि सर्राफ के ठगे जाने की तहरीर मिली है। जांचकर कड़ी कार्रवाई होगी।