बालक की हत्या के मामले में तीन पर मुकदमा
किरतपुर। गांव सरायईम्मा निवासी माजिद पुत्र अख्तर बेग ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 23 अक्टूबर की शाम को उसका पुत्र अहतेशाम (7) घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन बालक का कहीं सुराग नहीं लगा। परिजनों ने बालक की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी। आरोप है कि 22 अक्टूबर को गांव का आवेश पुत्र इरफान उनके ट्रिपलर पर बैठकर शराब पी रहा था। उसकी शिकायत उसके पुत्र अहतेशाम ने अपने दादा अख्तर बेग से की थी। अख्तर बेग ने उन्हें डांटकर वहां से भगा दिया था। उसके साथ उस समय अजमल और यासीन भी मौजूद थे। आरोपी वहां से जाते हुए धमकी दे गए थे कि इसका अंजाम बुरा होगा। उसके बाद 26 अक्टूबर को अहतेशाम का शव गांव के पास स्थित तालाब से बरामद हुआ था। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र के अनुसार माजिद ने गांव के ही आवेश, अजमल, यासीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।