स्योहारा। मंगलवार को दोस्त के साथ नहाने गए युवक का शव करीब 24 घंटे बाद गोवर्धनपुर की नहर में बरामद हो गया। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला गूंगी सराय निवासी राहुल उर्फ पप्पी (20) पुत्र मुकेश कुमार मंगलवार की दोपहर तीन बजे लाइन पार गांव सड़कड़ी की छोटी नहर में नहाने गया था। उसके साथ मोहल्ले का ही अविनाश पुत्र उमेश भी गया था। दो घंटे बाद अविनाश वापस आ गया जबकि राहुल नहीं लौटा। परिजनों के काफी ढूंढने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं मिला। बुधवार को उसके भाई रिंकू ने पुलिस को दी तहरीर में भाई की सकुशल बरामदगी की मांग की थी। पुलिस ने तुुरंत ही उसकी खोजबीन शुरू कर दी थी। थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि राहुल के लापता होने की सूचना मिलते ही नहर के पानी को रोकने के लिए सूचना दे दी गई थी। साथी से पूछताछ में पता चला था कि राहुल किसी तरह का नशा करने का आदि था। नहाने से पहले उसने एक पन्नी सूंघ कर नशा किया और फिर खेतों में भाग गया था। बताया कि नहर तथा आसपास उसे ढूंढने के प्रयास किया जा रहा था। बुधवार की शाम उसका शव गोवर्धनपुर नहर से बरामद हो गया। इसकी सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।