नगीना। खेतों की बीच से होकर जा रही पानी की नाली के विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई को गोली मार कर घायल कर दिया।
नगीना थाना क्षेत्र के गांव हुरनंगला निवासी अमृतास और उसका तहेरा भाई अनित शुक्रवार की सुबह अपने खेतों पर गए हुए थे। दोनों के खेतों के बीच जा रही पानी की नाली के स्वामित्व को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद जमकर गाली गलौच हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अनित ने तमंचे से चचेरे भाई अमृतास को गोली मार दी। इससे वह घायल हो गया। गोली उसकी दाईं बाजू में लगी। फायर की आवास सुन कर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामवासी भी भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसी बीच थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घायल को नगीना सीएचसी पर उपचार के लिए भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बिजनौर रैफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल के भाई प्राचित राना की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।