विदेश भेजने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे
अफजलगढ़। गांव कासमपुरगढ़ी निवासी महिला ने दो व्यक्तियों पर विदेश भेजने के नाम पर एक लाख रुपये ठगने व पासपोर्ट जब्त कर लेने का आरोप लगाया है। निशा पत्नी निकुल सिंह ने बताया कि दो माह पहले उसके पास नजदीक गांव के दो एजेंट आए। उसके पुत्र को मलयेशिया भेजकर रोजगार दिलाने का लालच दिया और एक लाख रुपये खर्चा बताया। उसने अपने पुत्र का पासपोर्ट और 40 हजार रुपये दे दिए। एजेंटों ने वीजा देने का भरोसा देकर 60 हजार रुपये दूसरी बार में ले लिए। आरोपियों ने उसके पुत्र को विदेश तो भेज दिया। किंतु वहां जाकर उसे कोई काम नहीं मिला। वह वहां पर भटक रहा है। वहां से घर भी नहीं आने दिया जा रहा है। आरोपियों ने पूरी रकम भी हड़प कर ली। अब आरोपी बेटे को वापस बुलाने में कोई मदद नहीं कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और बेटे को सकुशल वापस जाने की मांग की है।