अमरोहा। देहात थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर चार दिन पहले मिला शव चौधरपुर के रहमत अली का निकला। परिजनों ने कपड़ों से शव की पहचान की है। परिजनों ने हत्या कर लाश ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया। एसपी दफ्तर पहुंचे आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंप दी है। जबकि पुलिस ट्रेन से कटने से हादसा मान रही है। पीड़ित परिजनों ने डिडौली कोतवाली में तहरीर दे दी है।
शुक्रवार की सुबह देहात थाना क्षेत्र के गांव कालीलेट के जंगल में रेलवे लाइन किनारे अज्ञात शव पड़ा मिला था। शव कई टुकड़ों में मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर देहात पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना स्थल जांच पड़ताल के बाद शव को मोरचरी में रखवा दिया था। वहीं डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव चौधरपुर निवासी रहमत अली (35) पुत्र हाजी मुन्नन चार दिन पहले अहमदाबाद को कहकर घर से निकला था। वह अहमदाबाद में रूई का काम करता है। ट्रैक पर अज्ञात लाश मिलने की सूचना पर परिजन सोमवार को मोर्चरी पहुंचे और कपड़ों को देखकर उसकी शिनाख्त रहमत अली के रूप में की। परिजनों ने हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंकने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों सहित सैकड़ों ग्रामीण एकत्र होकर एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गांव के युवकों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया। एसपी डॉ विपिन ताडा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सिटी जितेंद्र सिंह को सौंप दी है।
--------------------------------------------------------
चार दिन पहले कालीलेट के निकट ट्रैक किनारे अज्ञात शव मिला था। जिसकी शिनाख्त चौधरपुर निवासी रहमत अली के रूप में हुई है। परिजनों गांव के कुछ लोगों पर रंजिशन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्रेन के कटने से मौत होना आया है। शव कई हिस्सों में मिला था। हादसा वहां के गेट मैन ने भी देखा है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। कार्रवाई की जाएगी।
- जितेंद्र सिंह, सीओ सिटी अमरोहा