हल्दौर। थाना क्षेत्र के गांव मिठन कुंवर प्रताप सिंह निवासी तनवीर अहमद मंगलवार की शाम करीब पांच बजे थाना हीमपुरदीपा क्षेत्र के गांव मसीत से बाइक से घर लौट रहा था। मसीत के जंगल के पास एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर रोक लिया और उससे 1800 रुपये, मोबाइल एवं बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने एक राहगीर के फोन से पुलिस और परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस और परिजन बदमाशों की तलाश करने लगे। इसी दौरान कुछ ग्रामवासियों को दो बदमाश गांव मिठन के निकट लूटी बाइक ले जाते दिखाई दिए। ग्रामवासियों ने बदमाशों का पीछा करके एक बदमाश को दबोचने का प्रयास किया। मगर, उसके दूसरे साथी ने लोगों को तमंचे से आतंकित करते हुए उन्हें गोली मारने की धमकी धमकी दी। बदमाश ने अपने साथी को ग्रामवासियों के चंगुल से निकाल लिया और लूटी बाइक वही पर छोड़ जंगल की ओर फरार हो गए। मौके पर पहुंची थाना हल्दौर और चांदपुर पुलिस ने लोगों के संग घंटों कांबिग की लेकिन बदमाश न मिल सके। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि मामला गैर थाना क्षेत्र का है।