बिजनौर। नया गांव के विशाल हत्याकांड में एक साल बाद पकड़े गए आरोपी अनीस का पुलिस ने चालान कर दिया है। नया गांव निवासी विशाल की दस फरवरी 2017 को जंगल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पेद्दा गांव के पूर्व प्रधान इकबाल समेत आठ लोगों को नामजद किया गया था। हनीफ को पुलिस ने तभी दबोच लिया था। मंगलवार को विशाल के पिता संजय ने जजी चौक से एक और आरोपी अनीस को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। विशाल हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी कर रही है। सीबीसीआईडी के इंस्पेक्टर शिवराज सिंह बरेली से बुधवार को बिजनौर पहुंचे और अनीस का चालान किया। शिवराज सिंह के मुताबिक विशाल हत्याकांड में पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इन आरोपियों के गैर जमानती वारंट भी जारी हो गए हैं।