नींदडू़। पुलिस ने सीजेएम की अदालत में उपस्थित नहीं होने पर तीन आरोपियों के मकान पर फरारी के नोटिस चस्पा किए हैं।
शनिवार को चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रोहिताश चौधरी ने बताया कि हकीमपुर नारायण उर्फ नंगला गांव के योगेंद्र पाल सिंह ने अगस्त 2017 में गांव के ही राजीव कुमार पुत्र बलवंत सिंह, अमित कुमार पुत्र उमेश सिंह तथा विजयपाल सिंह पुत्र बुद्ध सिंह के खिलाफ थाना कोतवाली धामपुर में घर में घुसकर मारपीट, महिला के साथ दुराचार तथा हत्या के प्रयास संबंधी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मुकदमे की सुनवाई सीजेएम कोर्ट बिजनौर में चल रही है। पुलिस से भागे फिर रहे आरोपियों के समय पर अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण सीजेएम न्यायालय ने तीन मुल्जिमों के खिलाफ वारंट-82 के तहत कुर्की की उद्घोषणा करते हुए नोटिस जारी किए। पुलिस द्वारा आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को वारंटियों के मकान पर उक्त नोटिस चस्पा किए गए हैं।