बिजनौर। ब्लॉक कोतवाली की ग्राम पंचायत असलमपुर भुल्लन की ग्राम प्रधान शिवाली पत्नी अशोक कुमार चौहान का जाति प्रमाण पत्र फर्जी होने का खुलासा होने पर एसपी ने ग्राम प्रधान सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इससे पूर्व मामले में शिकायत करने वाली लक्ष्मी देवी पत्नी रोहिताश को जेल भेज दिया गया था।
ग्राम पंचायत असलमपुर भुल्लन में प्रधानी के चुनाव में शिवाली पत्नी अशोक कुमार चौहान के जाति प्रमाणपत्र फर्जी होने का मामला लक्ष्मी देवी ने उठाया था। पर चुनाव के दौरान कोई सुनवाई नहीं की गई। आरोप था कि शिवाली पश्चिमी बंगाल के जनपद मालदा की निवासी है। पर मामले में तहसील कर्मचारियों ने हेराफेरी कर शिवाली को अनुसूचित जाति का होने की पुष्टि की थी। शिवाली ग्राम प्रधान का चुनाव जीत गई थी। मामले में शिकायत करने वाली उनकी प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मी देवी को झूठी रिपोर्ट कराने में जेल भेज दिया गया था, पर विश्व दलित परिषद के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र आनंद ने डीएम जगत राज से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। डीएम ने मामले की जांच कराई। जांच में जनपद मालदा की रिपोर्ट पर शिवाली का जाति प्रमाणपत्र फर्जी होने की पुष्टि हुई है। अब सोमवार को एसपी अतुल कुमार शर्मा ने धोखाधड़ी के मामले में थाना कोतवाली देहात को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले में लोकवाणी केंद्र प्रभारी नगीना, अन्य तहसील कर्मी लेखपाल ओमप्रकाश, कानून गो महेंद्र जीत सिंह को भी संलिप्त बताया है। ग्राम प्रधान का जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर लक्ष्मी देवी को न्याय मिलने की उम्मीद जग गई है।