घर में नकब लगाकर 25
हजार का सामान चुराया
मंडावर/स्योहारा। चोरों ने नकब लगाकर घर में रखी नकदी, चांदी के जेवर समेत कीमती सामान चुरा लिया। उन्होंने एक अन्य मकान में भी चोरी की कोशिश की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है। उधर, स्योहारा में चोर गैस सिलैंडर और साइकिल चुराकर ले गए।
गांव कोहरपुर निवासी पवन सिंह शनिवार रात परिवार के साथ घर के आंगन मे सो रहे थे। रात में चोर मकान की दीवार में नकब लगाकर घर में घुस आए। चोर घर में रखे एक हजार रुपये, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, दो जोड़ी बिछवे, कपड़े, बर्तन व अन्य समान चुराकर ले गए। सुबह होने पर पवन सिंह ने घर का दरवाजा खोला तो अंदर सारा समान-बिखरा पड़ा था। यह देखकर मकान स्वामी के होश उड़ गए। मकान स्वामी के अनुसार, चोर करीब 25 हजार का समान चुराकर ले गए हैं। चोरों ने रिंकू के घर की दीवार में भी नकब लगाने की कोशिश की।
उधर, स्योहारा मेें गांव कुरी बंगर का हुकम सिंह साइकिल से गैस सिलैंडर लेकर घर जा रहा था। वह पूर्व विधायक हाजी वहीद के घर के सामने एक दुकान पर साइकिल खड़ी करके मोबाइल रिचार्ज कराने लगा। इतनी ही देर में चोर दुकान के बाहर से साइकिल व उस पर रखा गैस सिलेंडर ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर दे दी है।