युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बढ़ापुर। पुलिस ने तीन दिन पूर्व अनुसूचित जाति की युवती से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरु कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की महिला ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 23 अप्रैल को अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गांव के समीप स्थित गेहूं के खेत पर गेहूं की कटाई करने के लिए गई थी। वहां पर दूसरे समुदाय के युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को बुरी नियत पकड़ लिया और बाग में खींचने का प्रयास किया था। महिला के अनुसार उसका पति बाहर रहकर नौकरी करता है। आरोपी से उसका परिवार डरा हुआ है। पुलिस ने तीन दिन बाद आरोपी जावेद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी जावेद की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले की विवेचना नगीना सीओ करेंगे।
गृह क्लेश के चलते विवाहित ने फांसी लगाई, मौत
बढ़ापुर। गृहक्लेश के चलते एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी। थाना क्षेत्र के गांव टांडा साहूवाला निवासी एक युवक का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व क्षेत्र के ही दूसरे गांव की रहने वाली एक युवती से हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार को गृह क्लेश के चलते विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर उनकी पुत्री को मारने का आरोप लगाया। इस मामले में दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहे हैं। पुलिस ने यह मामला संज्ञान में होने से इंकार किया है।