रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए
बिजनौर। थाना हीमपुर के गांव रतनपुर खुर्द निवासी मुन्नी देवी ने सीजेएम कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा था कि उसके पति के पांच भाई थे। उसके पति, उनके भाई धर्म सिंह, सुखराम सिंह की मौत नौ साल पहले हो चुकी है। उसके पति के बड़े भाई अविवाहित थे और उसके परिवार के साथ रहते थे। जसराम सिंह की जमीन पर उसके छोटे भाई जयपाल सिंह और उसके बेटों विवेक, विकास, विकेश, मुकेश की बुरी नजर थी। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से जसराम सिंह को उसके घर से विवेक, जयपाल सिंह बुलाकर अपने घर ले गए और गाड़ी में बैठाकर कहीं बाहर ले गए। तहसील में 15 फरवरी व 16 फरवरी 2018 को दो बैनामे जसराम सिंह की जमीन के करा लिए। इसके बाद जसराम सिंह का अब तक कुछ पता नहीं चला है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि बैनामे कराकर इन लोगों ने मिलकर जसराम सिंह की हत्या कर दी है और लाश कहीं छिपा दी है। इस बारे में जब जयपाल सिंह व उसके बेटों से पता किया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। न्यायालय ने इस मामले में विवेक, विकास, विकेश, मुकेश, जयपाल सिंह, धर्मवीर सिंह व सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए हैं।