शेरकोट। विदेश में लाखों रुपये कमाने का लालच देकर दो एजेंटों ने चार युवकों को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजकर लाखों रुपये ठग लिए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने थाने पर प्रदर्शन कर आरोपी एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि चारों युवक दुबई में फंसे हुए हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एजेंट फरार हो गए हैं। युवकों को खाने पीने के लिए भी नहीं मिल रहे हैं। भूखे प्यासे युवकों ने परिजनों को वीडियो भेजकर बुलाने की गुहार लगाई है।
गांव शहजादपुर निवासी युवकों के परिजनों ने थाने पर आरोपी एजेंटों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया। आरोप है कि नगर निवासी दो एजेंटों ने अजय पुत्र सीताराम, विकास पुत्र ऋषिपाल निवासी शहजादपुर, रोहित पुत्र घनश्याम जाफरपुर व देवेंद्र निवासी उदयपुर को लाखों रुपये कमाने का लालच देकर दुबई भेजा था। आरोपियों ने दुबई जाने पर युवकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह सैलरी दिलाने का दावा किया था। प्रत्येक से विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 30 हजार रुपये लिए थे। चारों युवक खुशी खुशी विदेश चले गए। लेकिन उस समय वह हताश हो गए जब पता लगा कि एजेंटों ने उनके साथ धोखाधड़ी की। उन्हें टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजा दिया। चार दिन तक भूखे प्यासे ठोकरें खाने के बाद चारों एक मस्जिद में पनाह ली। युवकों ने परिजनों को वीडियो भेजकर वापस घर बुलाने की गुहार लगाई। वीडियो सुनकर परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। परिजनों ने एजेंटों से मिलने की कोशिश की तो दोनों फरार हो गए। परेशान परिजनों ने थाने में पहुंचकर आरोपियों को धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। उधर, थानाध्यक्ष पंकज तोमर का कहना है कि मामला गंभीर है। जांच कर कड़ी कार्रवाई होगी।