नहटौर। बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने एक सराफा व्यवसायी को रोककर मारपीट करते हुए दस हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, चांदी के जेवरात लूट लिए। लूटपाट के बाद शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए।
जिला मुजफ्फरनगर के मीरापुर निवासी माही पुत्र सुरेंद्र अग्रवाल सराफा का काम करते हैं। वह नहटौर में सराफा दुकानदारों से पीतल और चांदी के जेवरात पर सोने का पॉलिश करने के लिए ले जाते हैं। आभूषणों पर सोने की पॉलिश करने के बाद वह दुकानदारों को देते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे वह जेवरात लेकर बाइक से मीरापुर के लिए निकले थे। नहटौर झालू मार्ग पर गांव मेहरपुर के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए सराफा व्यवसायी को रोक लिया। तमंचे से आतंकित कर मारपीट करते हुए दस हजार रुपये की नकदी, चांदी-पीतल के जेवरात और एक मोबाइल लूट लिया।
बदमाश लूटपाट करने के बाद नहटौर की ओर फरार हो गए। राहगीरों को रोककर उसने लूटपाट होना बताया। राहगीरों के मोबाइल से नहटौर के सराफा व्यापारियों को मामले की जानकारी दी। रात में ही कई सराफा व्यापारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद सराफा व्यवसायी बिना पुलिस को तहरीर दिए ही मीरापुर के लिए रवाना हो गया। कोतवाल चंद्रकिरण यादव ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।