हल्दौर। हल्दौर के गांव सोतखेड़ी में एक आठ वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामवासियों ने तालाब से बच्ची को निकाला।
गांव सोतखेड़ी निवासी जामिल की आठ वर्षीय पुत्री इशरा मंगलवार की रात गांव में ही घर से करीब दो सौ मीटर दूर किराना की दुकान से सामान लेनी गई थी। इशरा काफी देर तक घर वापिस नही आई तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजन व ग्रामवासी उसकी तलाश में जुट गए। गांव में बच्ची के गायब होने की खबर आग की तहर फैल गई। दुकान व घर के बीच रास्ते में पड़ने वाले तालाब के पानी में परिजनों व ग्रामवासियों को कुछ हलचल दिखाई दी। तो गांव के कुछ तैराकी युवकों ने तालाब में उतरकर देखा तो बच्ची मरी हुई पड़ी थी। युवकों ने बच्ची के शव को तालाब के बाहर निकाला। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार रास्ता खराब होने के कारण वह तालाब की बाउंड्री पर चलकर आने लगी। पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गई। इसी से उसकी मौत हो गई।