छेड़छाड़ के विरोध में युवती को पीटा
राजा का ताजपुर। स्योहारा क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो युवकों ने एक युवती को पीटकर घायल कर दिया। युवती के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। गांव निवासी युवती सोमवार शाम लकड़ी लेने जंगल गई थी। इस दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने जब विरोध किया तो दोनों ने उसे पीटकर घायल कर दिया और फरार हो गए। देर शाम तक युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह जंगल में बेहोश पड़ी मिली। परिजनों ने उसका सरकारी अस्पताल में उपचार करा युवकों के विरुद्घ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।