हल्दौर। गांव पोटा गावड़ी में विद्युत लाइन के तारों से निकली चिंगारी से चार किसानों की करीब 18 बीघा गन्ना व गेहूं की फसल जल गई।
क्षेत्र के गांव पोटा गावड़ी के जंगल में पैजनियां विद्युत उप केंद्र की एलटी लाइन लाइन गुजर रही है। इसके तार काफी समय से जर्जर हालत में पड़े हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी तारों को नहीं बदला गया। रविवार शाम करीब चार बजे गांव के अनुज कुमार की पांच बीघा, निपेंद्र सिंह चार बीघा पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह की पांच बीघा व आजाद किसान यूनियन के जिला प्रचार मंत्री महाशय घनश्याम सिंह के डेढ़ बीघा गेहूं व दो बीघा ईख जल गई। मौके पर मौजूद किसानों ने पैजनियां बिजलीघर पर फोन से विद्युत सप्लाई बंद कराई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उक्त खेतों के मालिकों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। किसानों के अनुसार उनकी फसल का करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।