अफजलगढ़(बिजनौर) । गांव शेरगढ़ में चोर रात में नकब लगाकर घर से सोने-चांदी के जेवर सहित करीब तीन लाख रुपये की चोरी कर ले गए।
गांव के मक्खन सिंह पुत्र बिशन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पूरा परिवार आंगन में सो रहा था। चोर नकब लगाकर घर में घुस गए। चोर दो कमरों की कुंडी खोलकर अंदर घुस आए। पुत्रवधू हेमलता के कमरे से सोने की चार चूड़ी, टीका, अंगूठी, मंगलसूत्र व पांच सौ ग्राम चांदी सहित करीब 30 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने एसपी से जांच कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा ने मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही है।