बिजनौर। चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव नारनौर दत्तियाना निवासी अजय कुमार कौशिक ने एसटी/एसटी आयोग के अध्यक्ष को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि 19 मार्च 2018 को ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पर राशन डीलर परवेंद्र के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस मामले में 24 लोगों ने अपने बयान दर्ज कराए थे। आरोप है कि राशन की दुकान निलंबित न हो, इसलिए परवेंद्र ने 19 मार्च 2018 को दो नेताओं के इशारे पर राशन डीलर पक्ष की 20-25 महिलाओं से पुलिस चौकी जलीलपुर व थाना चांदपुर पर खूब हंगामा कराकर छेड़छाड़ व कपड़े फाड़ने का आरोप लगवाकर झूठी तहरीर दिलवाई और मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मामले में अजय सहित तीन लोगों को नामजद किया गया। आरोप है कि इस मामले में चांदपुर सीओ राजकुमार व पेशकार नरेश कुमार ने जानबूझकर राशन डीलर के पक्ष में एफआर दर्ज करा दी। इसमेंराशन डीलर के गवाह उसके सगे दादा और चाचा शामिल हैं। बताया कि इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से लेकर उप मुख्यमंत्री तक से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने चेतावनी है कि शीघ्र ही इस मामले में उसे न्याय नहीं मिला तो वह डीजीपी कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेगा।