हल्दौर। करीब पांच दिन पूर्व गांव शरीफपुर के पास हाइवे पर पुलिस भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे कुछ युवकों को सोने-चांदी के आभूषणों से भरा थैला मिला था। ग्रामीणों के अनुसार युवकों के परिजनों में आभूषणों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में पुलिस तीन लोगों को पकड़कर आभूषणों से भरे थैले समेत थाने ले आई थी। इसके बाद पुलिस ने आभूषणों को जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक मेघपाल के अनुसार आभूषणों का थैला स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव रवाना निवासी साबरा खातून का था। पांच दिन पूर्व वह अपने पुत्र के साथ पानीपत जा रही थी। इस दौरान उसका थैला गिर गया था। कागजात प्रस्तुत करने पर उसे थैला सौंप दिया गया है।
चेक वापस नहीं करने पर मारपीट
बिजनौर। थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव हेमराज कॉलोनी निवासी रंजीत सरकार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पुत्र देवदास सरकार धर्मनगरी निवासी एक युवक के साथ मिठाई का काम करता है। किसी बात को लेकर दोनों में मनमुटाव हो गया। कारोबार से संबंधित बारदाना आदि सामान का फैसला हुआ। दोनों ने काम अलग-अलग कर लिया। फैसले के बाद दूसरे युवक पर कुछ पैसे निकले तो उसने देवदास को चेक दे दिया। आरोप है कि बैंक में जमा करने पर उसे गलत बताया गया। चेक के बारे में बताने पर आरोपी उससे छीनने लगा। चेक वापस नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।