अमरोहा। डिडौली क्षेत्र केे इकौंदा रोड स्थित प्रेम वाटिका में चल रही श्रीमद भागवत कथा में पथराव होने से अफरातफरी मच गई, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। लोगों ने गैर समुदाय के युवकों पर पथराव करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले। संप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हुई है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव इकौंदा रोड स्थित प्रेम वाटिका में पिछले एक सप्ताह से श्रीमद भागवत कथा चल रही है। रोज की तरह शनिवार की देर शाम भी लोग कथा में प्रवचन सुन रहे थे। तभी पंडाल के पीछे से अचानक पथराव शुरू हो गया। पथराव होने पर लोगों में भगदड़ मच गई। जिसमें जयप्रकाश समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने गैर समुदाय के युवकों पर पथराव करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। संप्रदायिक तनाव के चलते भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। इंस्पेक्टर ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि पथराव जैसा कोई मामला नहीं है और न ही किसी ने किसी को पत्थर मारते देखा है। तनाव वाली कोई बात नहीं है।