स्योहारा में महिला से चेन लूटी
स्योहारा (बिजनौर)। महिला को धक्का देकर उससे चेन खींच कर लुटेरा फरार हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है।
बुधवार की सुबह बरेली की सीमा गोयल 75 वर्ष पत्नी सतीश गोयल रिक्शा से जैन स्ट्रीट में आई थी। जैसे ही रिक्शा चालक उसका समान उतार के घर में रखने गया ,एक चेन स्नेचर ने महिला को धक्का देकर गले से उसकी चेन खींच ली। महिला गिर कर घायल हो गई। शोर सुनकर आस पास के लोग आ गए। इतनी देर में चेन स्नेचर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चेन स्नेचर को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने पास के ही स्टेट बैंक ऑफ बड़ौदा के सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देखने का प्रयास किया, लेकिन कैमरा बंद मिला। पीड़ित सीमा गोयल ने बताया कि वो जैन स्ट्रीट में अपने देवर हरी मोहन के परिवार में बीमार को देखने आईं थी। चैन स्नेचर उसकी दो तोले की सोने की चेन खींच के ले गया।