बिजनौर। धामपुर और बिजनौर में बाइकर्स गैंग ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। धामपुर में गैंग दो महिला के गले से चेन लूट चुका है। बिजनौर में दो महिलाओं के साहस के कारण बाइकर्स गैंग चेन नहीं लूट पाया।
जिले में बाइकर्स गैंग फिर से सक्रिय हो गया हैं। गैंग ने 17 अप्रैल की शाम बिजनौर में आर्दश नगर कॉलोनी में दूध लेने जा रही शांति निकेतन कॉलोनी निवासी जयवीर सिंह की पत्नी लता देवी के गले से सोने की चेन लूटने की कोशिश की। महिला के साहस के आगे बदमाश चेन नहीं लूट पाए। शनिवार की रात करीब पौने नौ बजे गीता नगरी में ज्ञानेश्वर पाल के मकान में किराए पर रहने वाली महिला शॉपर्स माल से खरीदारी करके अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ घर जा रही थी। गीता नगरी के गेट पर बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला की चेन लूटने की कोशिश की । महिला की गोद से झीनाझपटी में बच्चा तो गिर गया पर बदमाशों से मुकाबला करके महिला ने चेन नही लूटने दी। पुलिस को सूचना दी गई । पुलिस ने बदमाशों की तलाश की पर कोई नहीं मिला। 19 अप्रैल को धामपुर में दरोगा श्यामवीर की पत्नी अपनी बहन के साथ स्कूटी से बेटी की शादी का सामान खरीदकर लौट रही थी। नगीना रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने दरोगा की पत्नी का पर्स और बहन की सोने की चेन लूट ली। पर्स में डेढ़ लाख के जेवर और 35 हजार रुपये थे। मुरादाबाद निवासी महिला सुनीता शुक्रवार को धामपुर मेें एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। मंडप में जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। शहर कोतवाल फतेह सिंह के मुताबिक बाइकर्स गैंग को दबोचने के लिए जाल बिछा दिया गया है। जल्द ही यह गैंग पकड़ा जाएगा।
अरूण कुमार बने सीओ नजीबाबाद
बिजनौर। एसपी उमेश कुमार सिंह ने गैर जिले से आए अरुण कुमार सिंह को सीओ नजीबाबाद और राजकुमार को सीओ चांदपुर बनाया है।